Apr 09, 01:38 am
पटना। लोजपा सांसद सूरजभान सिंह उर्फ सूरजभान की राजनीतिक पारी पर भी ब्रेक लग गई। पटना उच्च न्यायालय ने बुधवार को उनकी उम्र कैद की सजा पर रोक लगाने की याचिका खारिज कर दी। सूरजभान अब लोकसभा चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। विदित हो कि इसके पूर्व उम्र कैद की सजा पाये सांसद शहाबुद्दीन, पप्पू यादव एवं विधायक देव नाथ यादव की याचिका भी खारिज की जा चुकी है।
'दोषी साबित हुआ तो छोड़ दूंगा राजनीति'
नवादा। सोमवार को देर रात निर्दलीय प्रत्याशी अखिलेश सिंह के समर्थक की हत्या के मामले में नामजद अभियुक्त बने सांसद सूरजभान को पुलिस ने बुधवार को घंटों पूछताछ के बाद राहत दे दी है। पुलिस से राहत मिलने के बाद होटल में ही सांसद ने कहा कि मैं हत्या की राजनीति नहीं करता। मधुरेश की हत्या में मेरी संलिप्तता उजागर हुई तो राजनीति से संन्यास ले लूंगा।
एसपी निशांत कुमार तिवारी ने बताया कि उन्हें निजी मुचलके पर छोड़ा गया है। पुलिस की शुरुआती जांच में घटनास्थल पर सांसद की मौजूदगी नहीं पायी गयी। हालांकि षडयंत्र में भूमिका की जांच जारी रहेगी। शुरुआती जांच में पुलिस के क्लीन चिट दिये जाने के साथ ही पिछले 36 घंटे से जारी इस ड्रामे का पटाक्षेप हो गया।
उल्लेखनीय है सोमवार की रात वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के कोचगांव गांव में मधुरेश कुमार नामक युवक की हत्या कर दी गयी थी। इस मामले में सांसद सूरजभान उनके भाई ललन सिंह व स्थानीय कुटरी पंचायत के मुखिया अंजनी सिंह को नामजद अभियुक्त बनाया गया था। प्राथमिकी में अभियुक्त बने सांसद को नवादा पुलिस ने बुधवार की सुबह होटल राजश्री में ही रोके रखा था। नगर थानाध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी व वारिसलीगंज के इंस्पेक्टर सह अनुसंधानकर्ता उपेन्द्र शाह ने एसपी के निर्देश पर सांसद से लंबी पूछताछ की। गवाहों के बयान भी लिये गये। देर शाम पुलिस ने प्राथमिकी को झूठा पाते हुए सांसद व उनके सहयोगियों को क्लीन चिट दे दी। वैसे एसपी ने कहा कि षड्यंत्र में सांसद की कितनी भूमिका है इसकी जांच होगी। एसडीपीओ सदर ए.के.सत्यार्थी ने कहा कि ऐसा नहीं है कि अनुसंधान पूरा हो गया है और सभी को क्लीनचिट दे दी गयी है। साक्ष्य मिलने के बाद किसी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा।
(SOURCE: in.jagran.yahoo.com)
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment