Wednesday, April 8, 2009

Dhoni is Captain of Wisden Test Eleven



धौनी विजडन टेस्ट इलेवन के कप्तान
Apr 08, 07:47 pm
लंदन। क्रिकेट जगत की बाइबिल विजडन ने बुधवार को वीरेंद्र सहवाग को 2008 का दुनिया का अग्रणी क्रिकेटर नामित किया और महेंद्र सिंह धौनी को अपनी ड्रीम टेस्ट इलेवन का कप्तान बनाया जिसमें पांच भारतीय शामिल है।
भारत की शानदार फार्म विजडन की पहली ड्रीम इलेवन में साफ झलकती है जिसमें सहवाग, धौनी, सचिन तेंदुलकर, हरभजन सिंह और जहीर खान शामिल है। टेस्ट टीम में भारत के सर्वाधिक खिलाड़ी है। इसके बाद आस्ट्रेलिया [रिकी पोंटिंग और मिशेल जॉनसन] तथा दक्षिण अफ्रीका [ग्रीम स्मिथ और डेल स्टेन] के दो-दो खिलाड़ियों को इसमें जगह दी गई है। बल्लेबाज केविन पीटरसन एकादश में इंग्लैंड के अकेले खिलाड़ी है जबकि वेस्टइंडीज की नुमाइंदगी रन मशीन शिवनारायण चंद्रपाल करेंगे। स्मिथ को उप कप्तान बनाया गया है।
पूर्व भारतीय कप्तान रवि शास्त्री, वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज इयान बिशप और न्यूजीलैंड के पूर्व विकेटकीपर इयान स्मिथ ने इस टीम का चयन किया। विजडन ने कहा है कि चयन का मानदंड सरल था, टेस्ट मैच में सर्वश्रेष्ठ एकादश खेलेगी चाहे विरोधी कोई भी हो। 2008 के प्रदर्शन, साल में उन्होंने कितनी टेस्ट क्रिकेट खेली, विरोधी टीम की ताकत तथा फार्म को ध्यान में रखा गया।
सहवाग को इसके अलावा वर्ष का अग्रणी क्रिकेटर भी चुना गया। इसे 2004 में शुरू किया गया था और सहवाग इसमें शामिल होने वाले छठे खिलाड़ी है। उनसे पहले रिकी पोंटिंग, शेन वार्न, एंड्रयू फ्लिंटॉफ, मुथैया मुरलीधरन और जैक्स कालिस को अग्रणी क्रिकेटर चुना गया था। विजडन के अनुसार वीरेंद्र सहवाग ने 2008 का विश्व का अग्रणी क्रिकेटर बनने के लिए ग्रीम स्मिथ की कड़ी चुनौती को पार किया। सहवाग टेस्ट पारी का आगाज करने की चुनौती को एक नए स्तर पर ले गए। इसमें कहा गया है कि उन्होंने जो चाहा अक्सर उसे हासिल किया। किसी भी अन्य बल्लेबाज की तुलना में सबसे तेज रन बनाकर पहली गेंद से उन्होंने मानसिक दबदबा बनाए रखा और टेस्ट क्रिकेट में नियमित आधार पर ऐसा किया।
टेस्ट एकादश में सहवाग के सलामी जोड़ीदार के लिए गौतम गंभीर के नाम पर भी विचार किया गया लेकिन चयनकर्ताओं ने बाद में स्मिथ को चुना। आस्ट्रेलियाई कप्तान पोंटिंग को नंबर तीन के लिए शास्त्री और स्मिथ के वोट मिले हालांकि बिशप दक्षिण अफ्रीकी हाशिम अमला को इस नंबर पर चाहते थे। इसमें कहा गया है कि पोंटिंग नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने के अलावा दूसरी स्लिप पर क्षेत्ररक्षण भी करेंगे।
तेंदुलकर को चौथे नंबर पर उतारने के लिए शास्त्री और स्मिथ का समर्थन मिला लेकिन बिशप इस स्थान के लिए दक्षिण अफ्रीकी एबी डीविलियर्स को चाहते थे। पीटरसन को नंबर पांच पर सर्वसम्मति से चुना गया हालांकि श्रीलंकाई महेला जयवर्धने भी इस स्थान के प्रबल दावेदार थे। चंद्रपाल को नंबर छह और धौनी को विकेटकीपर और नंबर सात बल्लेबाज के रूप में चुनने पर किसी को आपत्ति नहीं थी। बिशप और शास्त्री ने धोनी को कप्तान के रूप में चुना जबकि स्मिथ यह जिम्मेदारी दक्षिण अफ्रीकी ग्रीम स्मिथ को सौंपना चाहते थे।
हरभजन के मामले में समन्यवक के मत का सहारा लेना पड़ा क्योंकि तीनों चयनकर्ताओं के अलग-अलग मत थे। स्मिथ ने हरभजन को चुना जबकि बिशप ने अजंथा मेंडिस और शास्त्री ने श्रीलंका के अन्य स्पिनर मुथैया मुरलीधरन का पक्ष लिया। मिशेल जॉनसन टीम में जगह बनाने में सफल रहे हालांकि शास्त्री एक अन्य आस्ट्रेलियाई ब्रेट ली के पक्ष में थे। स्टेन के चयन में ऐसी कोई दिक्कत नहीं आई। हरभजन की तरह जहीर के मामले में तीनों चयनकर्ताओं की पसंद अलग-अलग थी। शास्त्री ने जहीर को चुना जबकि स्मिथ की पसंद इंग्लैंड के रेयान साइडबाटम और बिशप की ईशांत शर्मा थे।
वर्ष 2008 के लिए विजडन की टेस्ट एकादश इस प्रकार है-
वीरेंद्र सहवाग, ग्रीम स्मिथ, रिकी पोंटिंग, सचिन तेंदुलकर, केविन पीटरसन, शिवनारायण चंद्रपाल, महेंद्र सिंह धौनी [कप्तान], हरभजन सिंह, मिशेल जॉनसन, डेल स्टेन और जहीर खान।

(source: Dainik Jagran)

No comments:

Post a Comment